चेन्नई ने जीत के साथ किया 17वें सीजन का आगाज, बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया

खेल

इंडियन प्रीमियर 2024 के पहले मुकाबले में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की भिड़ंत चेन्नई सुपर किंग्स से हुई। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में चेन्नई ने बेंगलुरु को 6 विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए RCB ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 173 रन बनाए। अनुज रावत ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए। जवाब में CSK ने 18.3 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाकर मुकाबले को अपने नाम किया। 174 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को भी औसत शुरुआत मिली। सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ और रचिन रविंद्र ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर यश दयाल ने इस पार्टनरशिप को तोड़ा। उन्होंने CSK के कप्तान रुतुराज को कैमरून ग्रीन के हाथों कैच आउट कराया। रुतुराज ने 4 चौकों की मदद से 15 गेंदों पर 15 रन बनाए। 7वें ओवर की आखिरी गेंद पर चेन्नई को दूसरा झटका लगा। कर्ण शर्मा ने रचिन रविंद्र का शिकार किया। रचिन ने 15 गेंदों पर 37 रन की पारी खेली। 99 के स्कोर पर चेन्नई सुपर किंग्स का तीसरा विकेट गिरा। कैमरून ग्रीन की गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने अजिंक्य रहाणे का कैच लपका। रहाणे ने 19 गेंदों पर 27 रन जड़े। अपनी इस पारी में उन्होंने 2 छक्के लगाए। 13वें ओवर में कैमरून ग्रीन ने RCB को एक और सफलता दिलाई। उन्होंने डेरिल मिचेल को अपना शिकार बनाया। मिचेल ने 2 छक्कों की बदौलत 18 गेंदों पर 22 रन की पारी खेली।