Donald Trump Approval Rating : वॉशिंगटन।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की वैश्विक लोकप्रियता को उनकी टैरिफ नीति (Tariff Policy) और ईरान युद्ध से जुड़े फैसलों का बड़ा नुकसान हुआ है। प्यू रिसर्च सेंटर (Pew Research Center) के ताजा सर्वे के मुताबिक, दुनिया भर में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है और 76 प्रतिशत लोगों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा नहीं जताया।

सिर्फ 23% लोगों ने जताया ट्रंप पर भरोसा
सर्वे के अनुसार, वैश्विक मामलों को संभालने के लिए केवल 23 प्रतिशत प्रतिभागियों ने ट्रंप के नेतृत्व पर विश्वास जताया। वहीं, 24 देशों में से 16 देशों में ट्रंप की लोकप्रियता पहले के मुकाबले घटी है, जबकि किसी भी देश में उनकी रेटिंग में बढ़ोतरी दर्ज नहीं हुई।
भारत में भी घटी ट्रंप की लोकप्रियता
आठ फरवरी से 13 मई के बीच किए गए इस सर्वे में 36 देशों के 42,151 लोगों ने हिस्सा लिया। भारत में 39 प्रतिशत लोगों ने ट्रंप के नेतृत्व पर भरोसा जताया, जबकि 36 प्रतिशत ने उन पर विश्वास नहीं जताया। पिछले वर्ष भारत में 51 प्रतिशत प्रतिभागियों ने ट्रंप पर भरोसा व्यक्त किया था, यानी इस बार उनकी लोकप्रियता में गिरावट दर्ज की गई।
पुतिन पर भारतीयों का ज्यादा भरोसा
सर्वे के मुताबिक, भारत में 51 प्रतिशत प्रतिभागियों ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर वैश्विक मामलों को संभालने के लिए भरोसा जताया, जो ट्रंप से अधिक है।
इजरायल में ट्रंप को मिला सबसे ज्यादा समर्थन
इजरायल में ट्रंप की लोकप्रियता अब भी मजबूत बनी हुई है। यहां 81 प्रतिशत लोगों ने अमेरिका के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया, जबकि 66 प्रतिशत प्रतिभागियों ने कहा कि उन्हें ट्रंप के वैश्विक फैसलों पर भरोसा है।
यूरोप और मुस्लिम देशों में भी गिरी रेटिंग
फ्रांस, जर्मनी और ग्रीस समेत कई यूरोपीय देशों में ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मुस्लिम बहुल देशों में भी उनकी लोकप्रियता अन्य वैश्विक नेताओं की तुलना में कमजोर रही।
टैरिफ नीति को नहीं मिला समर्थन
सर्वे में ट्रंप प्रशासन की टैरिफ नीति सबसे कम पसंद की जाने वाली नीतियों में शामिल रही। केवल 18 प्रतिशत लोगों ने इसे सही बताया, जबकि 32 प्रतिशत प्रतिभागियों ने अमेरिका की आव्रजन नीति का समर्थन किया।
ब्रिटेन में ट्रंप की टैरिफ नीति को 27 प्रतिशत, कनाडा में 17 प्रतिशत, जापान में 15 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया में 14 प्रतिशत, मेक्सिको में 11 प्रतिशत और जर्मनी में केवल 8 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला। वहीं, केन्या एकमात्र ऐसा देश रहा जहां 55 प्रतिशत लोगों ने ट्रंप की टैरिफ नीति का समर्थन किया।


