Railway TTE Vacancy रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेलवे यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर और बिलासपुर मंडल समेत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में TTE (Travelling Ticket Examiner) की कमी को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने मैनपावर का आकलन शुरू कर दिया है। बोर्ड ने जोन से वर्तमान में कार्यरत टीटीई, स्वीकृत पद, रिक्तियों और भविष्य की आवश्यकता का पूरा ब्योरा मांगा है।
इस रिपोर्ट के आधार पर आने वाले समय में रिक्त पदों पर TTE भर्ती और मैनपावर पुनर्गठन का रास्ता खुल सकता है। रेलवे बोर्ड का उद्देश्य ट्रेनों में टिकट जांच व्यवस्था को मजबूत करने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
रायपुर, बिलासपुर और नागपुर मंडल से मांगी गई जानकारी
रेलवे बोर्ड ने रायपुर, बिलासपुर और नागपुर मंडल से टीटीई स्टाफ की मौजूदा स्थिति की जानकारी मांगी है। जोन से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर रेलवे बोर्ड देशभर के लिए समेकित मैनपावर योजना तैयार करेगा।
क्रिकेट नहीं, अब स्पीड का खेल’ चेन्नई में बाइक रेसिंग करते दिखे MS Dhoni’ फैंस हुए रोमांचित
निर्देश के अनुसार रेलवे को वर्तमान में कार्यरत TTE, स्वीकृत पदों, खाली पदों और 1 अगस्त 2026 तथा 1 अगस्त 2027 तक अनुमानित आवश्यकता का आकलन निर्धारित प्रारूप में भेजना है।
रिपोर्ट तैयार करते समय नई ट्रेनों के संचालन, परिचालन विस्तार और निर्धारित मैनिंग मानकों को भी ध्यान में रखा जाएगा।
ट्रेनों की संख्या बढ़ी, TTE की कमी बनी चुनौती
दरअसल, रायपुर मंडल समेत पूरे जोन में ट्रेनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। त्योहारों और गर्मी के मौसम में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है।
ट्रेनों और यात्रियों की संख्या बढ़ने के बावजूद पर्याप्त TTE नहीं होने से कई ट्रेनों में नियमित टिकट जांच प्रभावित होती है। ऐसे में रेलवे समय-समय पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाकर बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करता है।
रायपुर मंडल में 250 TTE, 140 से ज्यादा ट्रेनें
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर मंडल में वर्तमान में करीब 250 TTE कार्यरत हैं। वहीं मंडल से करीब 140 से अधिक ट्रेनों का संचालन हो रहा है।
त्योहारों के दौरान ट्रेनों के फेरे और संख्या दोनों बढ़ जाते हैं। इस दौरान यात्रियों की संख्या भी एक लाख से अधिक पहुंच जाती है। ऐसे में रेलवे अधिकारियों के अनुसार मौजूदा TTE स्टाफ यात्रियों की संख्या और ट्रेनों के संचालन के अनुपात में कम माना जा रहा है।
भविष्य में खुल सकता है TTE भर्ती का रास्ता
रेलवे बोर्ड की ओर से मांगी गई जानकारी को भविष्य में होने वाली भर्ती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, समीक्षा के बाद रिक्त पदों पर भर्ती और मैनपावर के पुनर्गठन की आवश्यकता तय की जा सकती है।
यदि नए पद स्वीकृत होते हैं तो रेलवे में TTE के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। इससे ट्रेनों में टिकट जांच व्यवस्था मजबूत होने के साथ यात्रियों की सुविधाओं में भी सुधार होने की उम्मीद है।
Railway TTE Vacancy: भर्ती को लेकर अभी क्या स्थिति?
फिलहाल रेलवे बोर्ड ने TTE भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन या आवेदन की तारीख जारी नहीं की है। अभी बोर्ड स्तर पर जोन और मंडलों से स्टाफ की जरूरत का आंकड़ा जुटाया जा रहा है। इसलिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जारी होने का इंतजार करना होगा।


