CG News : कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। 33 केवी हाईवोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बैजलपुर चौकी क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान कामाड़बरी निवासी रामकुमार विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामकुमार पेड़ पर चढ़कर उसकी डाल काट रहे थे, इसी दौरान पेड़ की डाल बिजली के हाईवोल्टेज तार के संपर्क में आ गई और करंट की चपेट में आने से उनकी जान चली गई।
पेड़ की डाल काटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, रामकुमार विश्वकर्मा कोकदावीरान-सिंघारी से पंडातराई रोड के पास पेड़ की डाल काटने का काम कर रहे थे। पेड़ के नजदीक से 33 केवी की बिजली लाइन गुजर रही थी।
Govinda Second Marriage : गोविंदा की दूसरी शादी की खबरों पर मैनेजर ने तोड़ी चुप्पी, किया बड़ा खुलासा
बताया जा रहा है कि पेड़ की डाल काटते समय वह हाईवोल्टेज तार के संपर्क में आ गई। इसके बाद तेज करंट की चपेट में आने से रामकुमार गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मौके पर जुटे ग्रामीण
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना संबंधित पुलिस और बिजली विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार, हाईवोल्टेज बिजली लाइन के आसपास पेड़ की डालियां होने के कारण खतरा बना हुआ था। हालांकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रामकुमार की मौत की खबर जैसे ही उनके परिवार तक पहुंची, घर में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक हादसे ने परिवार से कमाने वाले सदस्य को छीन लिया।
मृतक की तीन बेटियां हैं। पिता की अचानक मौत से बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।


