Nepal Flood: नेपाल इन दिनों विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन की मार झेल रहा है। इस प्राकृतिक आपदा के बीच इंसानियत को शर्मसार करने वाली कई घटनाएं सामने आई हैं। कहीं बाढ़ में बहकर आई तिजोरी को तोड़कर लाखों रुपये निकाल लिए गए, तो कहीं नदी में बहकर आए महिला के शव से सोने की बालियां चुरा ली गईं। पुलिस ने इन मामलों में कुल 31 लोगों को गिरफ्तार/हिरासत में लिया है।
बाढ़ में बहकर आई तिजोरी से 92.68 लाख रुपये बरामद
पुलिस के अनुसार, भोटेकोशी इलाके में आई बाढ़ में एक तिजोरी बह गई थी। बाद में यह तिजोरी धाडिंग जिले की गलछी ग्रामीण नगरपालिका-4 स्थित बेलखुखोला के पास त्रिशुली नदी के किनारे मिली। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने तिजोरी को तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान 29 लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके पास से पुलिस ने 92,68,505 रुपये नकद बरामद किए हैं।
अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए ज्यादातर लोग गलछी-4 के मस्तर इलाके के रहने वाले हैं। कुछ आरोपी गलछी-6 के आदमघाट और सिद्धलेक-7 के आदमतर के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा चितवन और परसा के कुछ लोग भी इस मामले में शामिल पाए गए हैं, जो फिलहाल धाडिंग में रह रहे थे।
पुलिस अब बरामद रकम के वास्तविक स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि तिजोरी से पैसे निकालने की घटना में और कितने लोग शामिल थे।
CG NEWS : सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर खपरगंज में बवाल, दो पक्षों में मारपीट के बाद जमकर पथराव
बाढ़ में बहकर आए महिला के शव से सोने की बालियां चोरी
Nepal Flood के बीच एक और घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। नारायणी नदी में बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए एक मृत महिला के शव से सोने की बालियां निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में दो लोग महिला के कानों से जबरन बालियां निकालते हुए दिखाई दे रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नेपाल में 626 लोगों की मौत
नेपाल की राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, बाढ़ और आपदा से प्रभावित लोगों की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है। शनिवार को जारी आंकड़ों में मृतकों की संख्या बढ़कर 626 हो गई, जबकि 2,426 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
ऐसे मुश्किल समय में बाढ़ पीड़ितों की मदद के बजाय चोरी और लूट की घटनाओं ने नेपाल में सुरक्षा और मानवीय संवेदनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


