रायपुर, 3 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सिन्दूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप करीब 60 लाख रुपए की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के जीवन को आसान बनाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा कौशल, स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सिन्दूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि पार्क में उपयुक्त स्थान का चयन कर ऐसा मंच विकसित किया जाए, जिसका उपयोग विभिन्न आयोजनों में किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा नागरिकों को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
*सहायक उपकरण दिव्यांगजनों की आत्मनिर्भरता का माध्यम : वित्त मंत्री श्री चौधरी*
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सामग्री वितरण नहीं है, बल्कि उनके दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग है। ट्राय सायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और ब्रेल किट जैसे उपकरण आवागमन, शिक्षा और रोजमर्रा के कार्यों में उनकी सहायता करेंगे। उन्होंने उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवश्यकता को समझना और उसे आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
*नशे से दूर रहें युवा, अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और कौशल में लगाएं*
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नशे के विरुद्ध जागरूकता को निरंतर समाज के बीच ले जाने की आवश्यकता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है कि नशे की ओर बढ़ रहे युवाओं को समय रहते सही दिशा प्रदान करें।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए ‘नशा सब कुछ नाश कर देता है। स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन हेतु नशामुक्ति अपनाएं’ का संदेश दिया। वित्त मंत्री श्री चौधरी सहित उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ भी ली। इस अवसर पर नशे से दूर होकर सामान्य जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे प्रदीप पुरी गोस्वामी एवं गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
*मोबाइल और सोशल मीडिया का संतुलित उपयोग करें युवा*
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने युवाओं को मोबाइल एवं सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि मोबाइल ज्ञान, जरूरी काम और संवाद का उपयोगी माध्यम है, लेकिन इसका अत्यधिक उपयोग आदत में बदल सकता है। युवाओं को सोशल मीडिया और रील्स पर आवश्यकता से अधिक समय बिताने के बजाय पढ़ाई, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार मोबाइल देखने से एकाग्रता, नींद, आंखों और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
*स्वस्थ जीवनशैली के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता पर भी दें ध्यान*
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने युवाओं से फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से बचने, पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने तथा नियमित योग-व्यायाम और व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें। कौशल और नई तकनीक की जानकारी के माध्यम से युवा स्वयं रोजगार प्राप्त करने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं।
उन्होंने रायगढ़ में युवाओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाओं का उल्लेख करते हुए प्रयास विद्यालय, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, नेचुरोपैथी कॉलेज, नव गुरुकुल और नालंदा परिसर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रिपल आईटी के सहयोग से रायगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
*नशे के खिलाफ जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत : श्री देवेंद्र प्रताप सिंह*
राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करना जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं। नशे के विरुद्ध प्रयासों को कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता है। परिवार, समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है।
नगर निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि नशे का प्रभाव व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसकी आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और परिवारों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
*350 दिव्यांगजनों को मिले करीब 60 लाख रुपए के सहायक उपकरण*
कार्यक्रम में 350 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, एडजस्टेबल स्टिक, स्लेट केन, सुगम्य केन, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, सीपी व्हीलचेयर तथा विभिन्न प्रकार के क्रच सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। हितग्राहियों का चिन्हांकन पूर्व में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में किया गया था। एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से ये उपकरण उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में अमृता मालाकार, पुष्पा नायक, ईश्वर चौहान और विशाल नागवंशी को यूडीआईडी प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
*सहायक उपकरण मिलने से बढ़ी सुविधा, हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी*
ग्राम सेमरा निवासी टेकचंद मालाकार ने बताया कि ट्रायसायकल नहीं होने के कारण उन्हें आने-जाने और पढ़ाई के लिए अपने पिता पर निर्भर रहना पड़ता था। अब ट्रायसायकल मिलने से वे स्वयं आसानी से आवागमन कर सकेंगे। उन्होंने शासन-प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।
पुसौर विकासखंड के छिछोर उमरिया की आंगनबाड़ी सहायिका सुनीता शंकर ने बताया कि उन्हें पहली बार ट्रायसायकल मिली है। इससे अब काम के सिलसिले में आने-जाने में काफी सुविधा होगी। उन्होंने ट्रायसायकल मिलने पर खुशी जताते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, गणमान्य नागरिक, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एलिम्को एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक और दिव्यांग हितग्राही उपस्थित रहे।


