CG NEWS : दुर्ग/भिलाई: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने का आरोप 45 वर्षीय मकान मालिक दिलावर यादव पर लगा है। पीड़िता का परिवार आरोपी के ही मकान में किराए पर निवास करता है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अस्पताल में जांच के बाद हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 अक्टूबर की बताई जा रही है। आरोप है कि मकान मालिक ने मौका पाकर बच्ची के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने और दर्द होने पर परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान डॉक्टरों द्वारा यौन शोषण की पुष्टि किए जाने पर परिवार को मामले की भयानकता का पता चला, जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए खुर्सीपार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पहले भी गलत हरकत की कोशिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी दिलावर की बच्ची पर लंबे समय से बुरी नजर थी। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने पहले भी बच्ची के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया था, लेकिन तब वह कामयाब नहीं हो सका था।
आरोपी हिरासत में, कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी दिलावर को हिरासत में ले लिया। पुलिस फिलहाल बच्ची की मेडिकल रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


