Phuket Fire Accident: थाईलैंड के मशहूर पर्यटन स्थल फुकेत से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य लोग घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उसने आसपास की कई इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दमकल विभाग की टीमों को बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाना पड़ा।
सुबह करीब 3:17 बजे लगी आग
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 3:17 बजे हुआ। फुकेत के पश्चिमी तट पर स्थित पातोंग के पास एक कस्बे में उस कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगी, जहां वाहनों को किराए पर देने का कारोबार किया जाता था।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई इमारतों तक फैल गई। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
Mohammed Siraj: डीएसपी सिराज ने जीता करोड़ों भारतीयों का दिल, तिरंगे के सम्मान में किया ऐसा काम
हादसे में कोई पर्यटक हताहत नहीं
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए 16 लोगों में 15 थाई नागरिक और एक म्यांमार का नागरिक शामिल है। राहत की बात यह रही कि हादसे में जान गंवाने वाले या घायल होने वाले लोगों में कोई भी पर्यटक शामिल नहीं था।
फुकेत के लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र के पास हुआ हादसा
यह घटना पातोंग के नजदीक हुई है, जो फुकेत के सबसे लोकप्रिय समुद्री पर्यटन स्थलों में से एक है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें आसपास की इमारतों तक पहुंच गईं। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।



