UK Prince William and Princess Kate India Visit: ब्रिटेन के शाही परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन तीन दिवसीय भारत दौरे पर मुंबई पहुंच गए हैं। करीब 10 साल बाद शाही जोड़ा भारत आया है। इस दौरे के दौरान दोनों मुंबई में आयोजित होने वाले अर्थशॉट प्राइज 2026 (Earthshot Prize 2026) समारोह में शामिल होंगे। इसके अलावा, वे क्रिकेट, सिनेमा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।
10 साल बाद भारत आए प्रिंस विलियम और केट मिडलटन
ब्रिटिश राजपरिवार के उत्तराधिकारी प्रिंस विलियम अपनी पत्नी प्रिंसेस केट मिडलटन के साथ सोमवार को मुंबई पहुंचे। यह उनका दूसरा आधिकारिक भारत दौरा है। इससे पहले दोनों साल 2016 में भारत आए थे। इस बार उनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए किए जा रहे प्रयासों को बढ़ावा देना है।
इस दौरान शाही जोड़ा अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों को करीब से देखेगा। उनके कार्यक्रम में क्रिकेट और बॉलीवुड से जुड़ी गतिविधियां भी शामिल हैं।
अर्थशॉट प्राइज 2026 समारोह में होंगे शामिल
प्रिंस विलियम और केट मिडलटन मंगलवार, 17 नवंबर को मुंबई में आयोजित होने वाले अर्थशॉट प्राइज 2026 समारोह में शामिल होंगे। यह इस पुरस्कार का छठा संस्करण और अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बताया जा रहा है।
अर्थशॉट प्राइज के जरिए पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्रकृति को बचाने की दिशा में काम करने वाले नए विचारों और नवाचारों को सम्मानित किया जाता है। इस समारोह में बॉलीवुड सितारों समेत कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
Mohammed Siraj: डीएसपी सिराज ने जीता करोड़ों भारतीयों का दिल, तिरंगे के सम्मान में किया ऐसा काम
सचिन तेंदुलकर समेत कई हस्तियों से होगी मुलाकात
मुंबई प्रवास के दौरान ब्रिटेन का शाही जोड़ा क्रिकेट और सिनेमा जगत से जुड़ी हस्तियों से मुलाकात करेगा। इस दौरान क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर से भी उनकी मुलाकात चर्चा में है। इसके अलावा, प्रिंस विलियम और केट मिडलटन गली क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आ सकते हैं।
इस दौरे के जरिए दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की कोशिश की जाएगी। क्रिकेट, फैशन और सिनेमा इस यात्रा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी करेंगे मुलाकात
मुंबई में कार्यक्रम पूरा करने के बाद प्रिंस विलियम और केट मिडलटन बुधवार को नई दिल्ली जाएंगे। यहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात प्रस्तावित है। इस दौरान भारत और ब्रिटेन के बीच आर्थिक, रणनीतिक और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा हो सकती है।
गौरतलब है कि यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते के लागू होने के बाद दोनों देशों की साझेदारी को नई गति मिली है।
केट मिडलटन का कैंसर से उबरने के बाद पहला बड़ा विदेशी दौरा
प्रिंसेस केट मिडलटन के लिए भी यह यात्रा खास है। कैंसर से उबरने के बाद यह उनका पहला बड़ा विदेशी दौरा बताया जा रहा है। ऐसे में भारत यात्रा को लेकर ब्रिटेन के शाही परिवार के साथ-साथ दुनियाभर में लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।



