बांग्लादेश: Sheikh Hasina Bangladesh Return: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है। खास बात यह है कि 16 दिसंबर को ही बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। इसी दिन साल 1971 में पाकिस्तान से अलग होकर बांग्लादेश एक स्वतंत्र देश बना था। हसीना की प्रस्तावित वापसी को लेकर पड़ोसी देश की राजनीति में हलचल तेज होने की संभावना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को उनकी वापसी की तारीख की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि हसीना भारत की राजधानी दिल्ली से बांग्लादेश की राजधानी ढाका तक सरकारी विमान सेवा बिमान बांग्लादेश की फ्लाइट से जाना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने तारिक रहमान सरकार से विमान भेजने की मांग की है।
यह पहली बार है जब शेख हसीना की ओर से बांग्लादेश वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख सामने आई है। ऐसे में उनके इस ऐलान को बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
16 दिसंबर को ही क्यों चुनी वापसी की तारीख?
शेख हसीना ने अपनी वापसी के लिए 16 दिसंबर का दिन चुना है। इस तारीख का बांग्लादेश के इतिहास में विशेष महत्व है। दरअसल, 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान की सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके साथ ही बांग्लादेश की आजादी का रास्ता साफ हुआ था।
इसी ऐतिहासिक जीत की याद में हर साल 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस यानी विक्ट्री डे मनाया जाता है। हसीना के प्रवक्ता का कहना है कि उन्हें संविधान के खिलाफ देश से बाहर किया गया था। ऐसे में उनकी वापसी सुनिश्चित करना मौजूदा सरकार की जिम्मेदारी है।
CG News : जेल से बाहर आते ही अमित बघेल का शक्ति प्रदर्शन, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली समर्थकों की रैली
बांग्लादेश में फिर बढ़ सकता है राजनीतिक तनाव
शेख हसीना की वापसी के ऐलान के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव का माहौल बना हुआ है। उनकी पार्टी अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध के बावजूद पार्टी समर्थक लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।
हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोपालगंज में शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे अवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर देसी बम से हमला किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की खबरें भी सामने आई हैं।
इस घटना ने बांग्लादेश में पहले से जारी राजनीतिक अस्थिरता को और बढ़ा दिया है। ऐसे में शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी के ऐलान को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव की आशंका जताई जा रही है।
प्रतिबंध के बावजूद सक्रिय है अवामी लीग का नेटवर्क
बांग्लादेश में अवामी लीग और उसकी राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध के बावजूद पार्टी के समर्थक सड़कों पर उतर रहे हैं। इससे मौजूदा सरकार के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।
हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने भी कार्रवाई तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन मामलों में सैकड़ों लोगों को हिरासत में लिया गया है। रविवार को गाजीपुर के टोंगी इलाके से अवामी लीग की पूर्व छात्र नेता तानिया अख्तर तपोशी को भी गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल सभी की नजरें 16 दिसंबर पर टिकी हैं। अगर शेख हसीना की वापसी की योजना आगे बढ़ती है, तो इसका बांग्लादेश की राजनीति और भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी असर पड़ सकता है।



