बॉलीवुड सुपरस्टार Akshay Kumar और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। निर्देशक प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है, क्योंकि इसमें अक्षय कुमार लंबे समय बाद एक दमदार निगेटिव भूमिका निभाते नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। इसके निर्माता वेंकट के. नारायण और शैलजा देसाई फेन हैं। रिलीज डेट की घोषणा के साथ मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “एक जुनून… एक कभी न रुकने वाली खोज… एक ऐसी तारीख जिसे आप याद रखना चाहेंगे। ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”
लंबे समय बाद विलेन बनेंगे अक्षय कुमार
अक्षय कुमार को दर्शक अक्सर कॉमेडी, एक्शन और देशभक्ति से जुड़ी फिल्मों में देखते आए हैं, लेकिन ‘हैवान’ में वह एक खतरनाक निगेटिव किरदार में नजर आएंगे। यही वजह है कि फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। वहीं सैफ अली खान भी इस फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
अगस्त 2025 में शुरू हुई थी शूटिंग
फिल्म की शूटिंग अगस्त 2025 में शुरू हुई थी। निर्देशक प्रियदर्शन ने उस समय सोशल मीडिया पर क्लैपबोर्ड की तस्वीर साझा कर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ अपनी तस्वीर भी पोस्ट की थी। शूटिंग शुरू होने के बाद से ही फिल्म लगातार चर्चा में बनी हुई है।
18 साल बाद फिर साथ दिखेंगे अक्षय और सैफ
‘हैवान’ के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। इससे पहले दोनों अभिनेता वर्ष 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ दिखाई दिए थे। ऐसे में दोनों की जोड़ी को फिर से देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वर्क फ्रंट पर दोनों सितारे व्यस्त
वर्क फ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार हाल ही में रिलीज हुई ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इससे पहले वह प्रियदर्शन की हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ में भी नजर आए थे। वहीं सैफ अली खान की हालिया क्राइम-थ्रिलर ‘कर्तव्य’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, जिसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला।
अब फिल्म ‘हैवान’ से दर्शकों को एक्शन, थ्रिल और दमदार अभिनय का नया अनुभव मिलने की उम्मीद है।


