BRICS Summit: 18वें BRICS शिखर सम्मेलन के खत्म होने के बाद जहां वैश्विक राजनीति और कूटनीति को लेकर चर्चा जारी है, वहीं इस सम्मेलन से जुड़ा एक दिलचस्प पहलू भी सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने भारत दौरे के दौरान अपनी कई तस्वीरों और वीडियो को बॉलीवुड के लोकप्रिय गानों के साथ साझा किया। खास बात यह रही कि उन्होंने हर पोस्ट के लिए ऐसा गाना चुना, जो उस मुलाकात या मौके के संदेश से मेल खाता नजर आया।
पीएम मोदी के साथ तस्वीर पर चुना ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’
मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत मंडपम में स्वागत का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इस वीडियो के बैकग्राउंड में शाहरुख खान और काजोल की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का मशहूर गाना ‘तुझे देखा तो ये जाना सनम’ सुनाई दिया।
इसके अलावा पीएम मोदी के साथ एक अन्य तस्वीर के लिए उन्होंने शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर की फिल्म ‘दिल तो पागल है’ का टाइटल सॉन्ग इस्तेमाल किया।
BRICS Summit के वीडियो में ‘हर दिल जो प्यार करेगा’
BRICS Summit में अपने संबोधन से जुड़े वीडियो को शेयर करते हुए अनवर इब्राहिम ने सलमान खान, रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा की साल 2000 में आई फिल्म ‘हर दिल जो प्यार करेगा’ का टाइटल ट्रैक लगाया।
वहीं, भारत से रवाना होने के वीडियो के लिए उन्होंने ऋतिक रोशन की फिल्म ‘लक्ष्य’ का गाना ‘कंधों से मिलते हैं कंधे’ चुना। दोनों गानों को BRICS के संदर्भ में एकता और मिलकर आगे बढ़ने के संदेश से जोड़कर देखा गया।
राहुल-प्रियंका के साथ मुलाकात पर ‘ऐसा देश है मेरा’
भारत यात्रा के दौरान अनवर इब्राहिम ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी मुलाकात की। विपक्षी नेताओं के साथ दावत की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने शाहरुख खान और प्रीति जिंटा की फिल्म ‘वीर-जारा’ का गाना ‘ऐसा देश है मेरा’ इस्तेमाल किया।
CG Weather Today: मानसून की रफ्तार धीमी, आज कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार
ईरानी राष्ट्रपति के साथ मुलाकात में ‘साथी हाथ बढ़ाना’
अनवर इब्राहिम की सबसे दिलचस्प पसंदों में से एक ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के साथ मुलाकात वाली पोस्ट रही। इसके लिए उन्होंने 1957 में आई फिल्म ‘नया दौर’ का मशहूर गाना ‘साथी हाथ बढ़ाना’ चुना।
गाने के बोल सहयोग और साथ मिलकर आगे बढ़ने का संदेश देते हैं, इसलिए कूटनीतिक मुलाकात के संदर्भ में इसका चयन खास नजर आया।
पुतिन के साथ फोटो पर ‘चले चलो’
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ तस्वीर शेयर करते हुए भी अनवर इब्राहिम ने बॉलीवुड का सहारा लिया। उन्होंने आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ का गाना ‘चले चलो’ लगाया। यह गाना भी एकजुट होकर लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश देता है।
इंडोनेशियाई विदेश मंत्री ने भी चुना बॉलीवुड संगीत
भारतीय फिल्म संगीत का इस्तेमाल केवल मलेशियाई प्रधानमंत्री तक सीमित नहीं रहा। इंडोनेशिया के विदेश मंत्री सुगियोनो ने भी राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो की भारत यात्रा से जुड़े एक पोस्ट में फिल्म ‘दिल धड़कने दो’ के संगीत का इस्तेमाल किया।
इस तरह BRICS Summit के दौरान बॉलीवुड संगीत ने कूटनीतिक मुलाकातों और नेताओं की सोशल मीडिया पोस्ट को एक अलग रंग दे दिया। इंटरनेट यूजर्स को भी गानों का यह चयन काफी पसंद आया और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा होने लगी।


