Bijapur Boat Accident Update, बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रेस्क्यू टीम ने करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद एक ही परिवार की मां और उसकी दुधमुंही बच्ची का शव बरामद कर लिया है। मां का शव बच्ची के साथ टावेल से बंधा हुआ मिला, जिसे देखकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। हादसे में लापता पिता और एक अन्य बच्चे की तलाश अब भी जारी है।
CG News : 18 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने बरामद किए मां और दुधमुंही बच्ची के शव

कैसे हुआ हादसा
यह हृदयविदारक घटना 21 जनवरी की शाम करीब 5 बजे भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उसपरी झिल्ली घाट पर हुई। जानकारी के अनुसार, इंद्रावती नदी पार स्थित बोड़गा गांव के रहने वाले एक ही परिवार के लोग बाजार से खरीदारी कर नाव के जरिए अपने गांव लौट रहे थे। नाव में कुल 5 लोग सवार थे।

तेज बहाव में बह गया पूरा परिवार
नाव पलटते ही चीख-पुकार मच गई। तेज धारा के कारण चार लोग नदी में बह गए, जबकि एक महिला को स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह बचा लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

18 घंटे बाद मिला मां-बेटी का शव
लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह रेस्क्यू टीम को मां और उसकी दुधमुंही बच्ची का शव नदी से मिला। बताया जा रहा है कि मां ने बहते समय बच्ची को बचाने के लिए उसे टावेल से खुद से बांध लिया था, लेकिन तेज बहाव के आगे दोनों की जिंदगी हार गई। इस दृश्य ने रेस्क्यू टीम और ग्रामीणों को भावुक कर दिया।

पिता और एक बच्चे की तलाश जारी
हादसे में लापता पिता और एक अन्य बच्चे की खोज के लिए एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोर और पुलिस की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी का बहाव तेज होने और पानी गहरा होने के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतें आ रही हैं।



