मिस्र: Egypt Road Accident: मिस्र की राजधानी काहिरा के बाहरी इलाके में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक टैंकर हाईवे पर पलट गया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। आग इतनी भयानक थी कि कार और मोटरसाइकिल समेत 27 वाहन जलकर खाक हो गए।
काहिरा के रिंग रोड पर कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा मिस्र के गीजा प्रांत के अल-वर्राक इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक टैंकर ग्रेटर काहिरा को जोड़ने वाले रिंग रोड पर एक सुरंग के ऊपर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें आग लग गई और कुछ ही समय में आग ने आसपास से गुजर रहे वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि कई गाड़ियों में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची बचाव टीमों ने जलती हुई गाड़ियों से लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
CG News : राज्य सरकार का प्रशासनिक बदलाव, तीन उप सचिवों को मिली नई जिम्मेदारी
हादसे में 31 लोगों की मौत, 21 से ज्यादा घायल
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इस भीषण दुर्घटना में अब तक 31 लोगों की जान जा चुकी है और 21 लोग घायल हुए हैं। आग की चपेट में आने से कार और मोटरसाइकिल समेत कुल 27 वाहन जलकर खाक हो गए।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने बताया कि सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर 39 एंबुलेंस तैनात की गई थीं।
मृतकों की पहचान के लिए होगा DNA टेस्ट
हादसे की भयावहता को देखते हुए कई मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में अधिकारियों ने मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के मुताबिक, हादसे में मरने वालों की संख्या और नुकसान का आकलन अभी जारी है। अधिकारियों को आशंका है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। फिलहाल दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।



