रायपुर.10.11.2018. गांव की प्रतिभाओं को पहचान, सम्मान और प्रोत्साहन देने की सकारात्मक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी ग्राम गौरव प्रतिभा परिवार सम्मान समारोह का आयोजन 11 नवंबर दिन बुधवार को किया जा रहा है। विगत दो वर्षों से ग्रामवासियों एवं सहयोगकर्ताओं की सहभागिता से यह आयोजन निरंतर सफलता प्राप्त कर रहा है। इस वर्ष समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाओं से मानवता की मिसाल प्रस्तुत करने वाले चिकित्सकों तथा कक्षा दसवीं एवं बारहवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम लोककला पंडवानी का आयोजन दुर्गा साहू के द्वारा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष इस आयोजन की सराहना छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री गुरु खुशवंत साहेब जी द्वारा भी की गई थी। यह प्रशंसा किसी एक समिति अथवा आयोजन तक सीमित नहीं, बल्कि उन प्रतिभाओं के परिश्रम, समर्पण और उपलब्धियों का सम्मान है, जिन्होंने अपनी कर्मठता से गांव का गौरव बढ़ाया है। आयोजन का मूल उद्देश्य गांव की प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करना और उनकी उपलब्धियों से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने वाले विद्यार्थी हों अथवा चिकित्सा के माध्यम से मानव सेवा का संकल्प निभाने वाले चिकित्सक, ऐसे व्यक्तित्व समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी सफलता की कहानियां आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देंगी। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर सांसद माननीय श्री बृजमोहन अग्रवाल जी, अध्यक्षता अभनपुर विधायक श्री इंद्रकुमार साहू जी तथा अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में राजभाषा आयोग के अध्यक्ष श्री प्रभात मिश्रा जी, यादव ठेठवार समाज के प्रदेशाध्यक्ष श्री संतोष यदु जी, संदीप यदु जी जिला पंचायत उपाध्यक्ष, अन्नू तारक जी सभापति जिला पंचायत रायपुर की गरिमामयी उपस्थिति प्रस्तावित है।आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों, प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से अपील की है कि वे इस गौरवशाली आयोजन में अपनी सहभागिता निभाएं । आयोजन समिति के सदस्य डिकेश्वर साहू, हरिराम यादव, सौम्य मिश्रा, टिकू साहू, रघुराम साहू, दीपक साहू , यशकुमार, गजेन्द्र साहू, गज्जू यादव ने अधिक से अधिक संख्या में ग्रामवासियों को शामिल होने के लिए आग्रह किया है। यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि अपनी माटी, अपनी प्रतिभा और अपने गांव के प्रति गौरव एवं जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है।


