जम्मू-कश्मीर: IndiGo aircraft collides with pole at Srinagar Airport: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया। नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकरा गई। घटना के समय विमान में यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराया विमान
एयरपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची थी। सुबह करीब 9:02 बजे बे नंबर 06 पर विमान को पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान VDGS पोल से टकरा गया।
हादसे के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पुष्टि की है कि घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है।
Mahtari Vandan Yojana : नए नियमों के साथ खुल सकता है पोर्टल, जानिए किन महिलाओं को मिलेगा लाभ
हादसे की वजह का अभी नहीं चला पता
श्रीनगर एयरपोर्ट पर हुई इस घटना की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों और इससे जुड़ी परिस्थितियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी संभावित कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य
हादसे के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई है। एयरपोर्ट के मुताबिक, अन्य उड़ानों का संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और अन्य संबंधित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।


