Uproar by Trump supporters: अमेरिका के सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान ट्रंप समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने भारतीय और हिंदू समुदाय के खिलाफ अपमानजनक नारे लगाए और विवादित पोस्टर लहराए। इस घटना की अमेरिकी सांसदों ने कड़ी निंदा की है।
अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल के बीच भारतीय समुदाय को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। सिएटल में दिवाली का त्योहार मना रहे भारतीय मूल के लोगों के कार्यक्रम में कुछ ट्रंप समर्थक घुस आए और हंगामा करने लगे। उन्होंने न केवल भारतीय समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं, बल्कि नस्लीय नारेबाजी करते हुए विवादित पोस्टर भी दिखाए।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों के हाथों में मौजूद पोस्टरों पर ‘सभी भारतीयों को देश से बाहर निकालो’ और ‘हिंदू ईसाइयों की जगह ले रहे हैं’ जैसे आपत्तिजनक संदेश लिखे थे। इस घटना से समारोह में मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। हालांकि, कार्यक्रम में शामिल लोगों ने विरोध करने वाले प्रदर्शनकारियों को तुरंत बाहर कर दिया।
कौन है जैक लैंग, जिसने दिवाली समारोह में किया हंगामा?
इस पूरे विवाद में जैक लैंग का नाम सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह व्हाइट रिप्लेसमेंट संगठन से जुड़ा हुआ है और 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन पर हुए हमले में भी शामिल था। इस मामले में उसे चार साल की जेल की सजा हुई थी।
हालांकि, साल 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दिन उसे माफी दे दी थी। दिवाली समारोह के दौरान जैक लैंग ने दावा किया कि हिंदू-अमेरिकियों की वजह से टेक्सास में डेमोक्रेट्स को राजनीतिक फायदा हुआ है।
इस घटना ने अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की सुरक्षा और उनके खिलाफ बढ़ती नस्लीय टिप्पणियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
प्रमिला जयपाल और राजा कृष्णमूर्ति ने की घटना की निंदा
सिएटल में दिवाली समारोह के दौरान हुए इस हंगामे पर भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दिवाली हिंदू समुदाय का एक महत्वपूर्ण त्योहार है और हर व्यक्ति को बिना किसी डर के अपनी संस्कृति और परंपराओं का उत्सव मनाने का अधिकार है।
उन्होंने साफ कहा कि अमेरिका के शहरों और देश में नफरत फैलाने वाली ऐसी गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
वहीं, अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने लोगों से दिवाली पर गर्व के साथ दीप जलाने और हिंदुओं सहित अन्य समुदायों के खिलाफ फैलाई जा रही नफरत को खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की।
अजय जैन भुटोरिया ने भी जताया विरोध
व्हाइट हाउस के पूर्व सलाहकार अजय जैन भुटोरिया ने भी जैक लैंग और उसके साथी की हरकतों को बेहद घिनौना बताया। उन्होंने कहा कि हिंदू अमेरिकियों और भारतीय प्रवासियों को नस्लीय टिप्पणियों और साजिश से जुड़े आरोपों के जरिए निशाना बनाने की अमेरिका में कोई जगह नहीं है।
उन्होंने नस्लवाद के खिलाफ एकजुट होने और प्रत्येक अमेरिकी को अपनी सांस्कृतिक विरासत तथा त्योहारों को स्वतंत्रता के साथ मनाने का अधिकार देने की बात कही।
गौरतलब है कि एक तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह आयोजित किया, वहीं दूसरी तरफ सिएटल में भारतीय समुदाय के दिवाली कार्यक्रम में इस तरह की घटना सामने आई है। इससे अमेरिका में रहने वाले भारतीयों के बीच नस्लीय भेदभाव और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर चिंता बढ़ गई है।


