West Bengal Falta Assembly Seat Voting : कोलकाता। पश्चिम बंगाल की फालता विधानसभा सीट पर आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इस अहम उपचुनाव के लिए कुल 285 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे लोगों में लोकतंत्र के प्रति उत्साह साफ झलक रहा है।
इस बार चुनाव आयोग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पहले जहां हर बूथ पर 4 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते थे, वहीं इस बार सुरक्षा दोगुनी कर दी गई है और प्रत्येक बूथ पर 8 जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
आयोग के निर्देश पर हो रहे इस महत्वपूर्ण चुनाव में 2.36 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें करीब 1.15 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।
फालता विधानसभा सीट को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का मजबूत गढ़ माना जाता है। हालांकि, मतदान से 48 घंटे पहले टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान द्वारा नाम वापस लेने की घोषणा ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है।
फिलहाल इस सीट पर मुख्य मुकाबला बीजेपी के देबांग्शु पांडा और कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला के बीच माना जा रहा है। इसके अलावा CPI-M के शंभुनाथ कुर्मी, निर्दलीय उम्मीदवार दीप हाटी और चंद्रकांत राय भी मैदान में हैं।
हालांकि, नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में चुनाव आयोग के अनुसार जहांगीर खान आधिकारिक रूप से अभी भी टीएमसी के उम्मीदवार बने रहेंगे और मतपत्र पर उनका नाम मौजूद रहेगा। टीएमसी अब किसी अन्य उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतार सकती।
कुल मिलाकर फालता सीट पर मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चुनाव के नतीजे आने के बाद ही इस सीट की राजनीतिक तस्वीर साफ हो सकेगी।


