CG NEWS : जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम धुरकोट से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ तरबूज खाने के बाद एक मासूम बच्चे की जान चली गई, जबकि तीन अन्य बच्चों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए हैं।
तरबूज और चिकन खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 मई की है। बताया जा रहा है कि धुरकोट निवासी बच्चों ने दोपहर में तरबूज खाया था और उसके बाद चिकन का सेवन भी किया था। इसके कुछ देर बाद ही चारों बच्चों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बच्चों की हालत बिगड़ने लगी और परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर भागे।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने तोड़ा दम
परिजनों ने बताया कि जब तक वे अस्पताल पहुंचते, तब तक एक बच्चे की मौत हो चुकी थी। वहीं, अन्य तीन बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। प्रारंभिक रूप से इसे फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले को संज्ञान में लेते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की आपात बैठक बुलाई। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि:
-
बीमार बच्चों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।
-
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव का दौरा कर खाद्य पदार्थों के सैंपल ले।
-
घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपी जाए।


