CG NEWS : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में पिछले तीन महीनों के दौरान हुई 8 लोगों की संदिग्ध मौतों के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना गुनाह कबूल कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मृतकों को जहरीली शराब पिलाकर मौत के घाट उतारने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, खर्वे गांव में बीते कुछ महीनों से लगातार लोगों की मौत हो रही थी। शुरुआत में इन मौतों को सामान्य माना गया, लेकिन जब एक के बाद एक कुल 8 लोगों की जान चली गई तो मामला संदेह के घेरे में आ गया। ग्रामीणों ने भी मौतों के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताते हुए प्रशासन से जांच की मांग की थी।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और संदेह के आधार पर रामसहाय जायसवाल को शनिवार को पूछताछ के लिए बुलाया। सूत्रों के मुताबिक, दो दिनों तक चली गहन पूछताछ में आरोपी के बयान कई बार बदले, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई। आखिरकार आरोपी ने कथित रूप से अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतकों के बीच पुराने विवाद और आपसी रंजिश की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि गांव में मजाक उड़ाने और अपमानित करने को लेकर आरोपी के मन में गहरी नाराजगी थी। इसी रंजिश के चलते उसने खौफनाक साजिश रची। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक रिपोर्ट तथा अन्य सबूतों के आधार पर ही सामने आएगा।
घटना के खुलासे के बाद गांव में भारी आक्रोश का माहौल है। आरोपी को जब पुलिस गांव लेकर पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की और पुलिस की मौजूदगी में उसे खरी-खोटी सुनाई। हालात को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के शवों और अन्य साक्ष्यों की जांच कराई जा रही है। जहरीली शराब के इस्तेमाल की आशंका को लेकर भी वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है। मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।



