नई दिल्ली: Vivek Oberoi Ramayana Movie: नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींच रही है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं, अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने भी इस फिल्म में विद्युतजिह्वा का किरदार निभाया है। अब अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर फिल्म का हिस्सा बनने पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने ‘रामायण’ को भारतीय संस्कृति और मूल्यों के लिए एक महायज्ञ बताया है।
विवेक ओबेरॉय ने ‘रामायण’ को बताया महायज्ञ
विवेक ओबेरॉय ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और पूरी टीम का आभार जताया। अभिनेता ने कहा कि ‘रामायण’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता और मूल्यों का उत्सव है।
उन्होंने विद्युतजिह्वा का किरदार निभाने को इस महायज्ञ में अपनी छोटी सी आहुति बताया। साथ ही उन्होंने नमित मल्होत्रा की तारीफ करते हुए कहा कि श्रीराम की कहानी को इतने बड़े स्तर पर दुनिया के सामने लाने का सपना देखना अपने आप में बड़ी बात है।
रणबीर कपूर और यश की विवेक ने की जमकर तारीफ
विवेक ओबेरॉय ने अपने पोस्ट में सह-कलाकार यश और रणबीर कपूर के अभिनय की भी खूब तारीफ की। उन्होंने यश के रावण वाले किरदार को शानदार बताते हुए कहा कि रॉकी से रावण तक का उनका सफर बेहद खास रहा है।
विवेक ने रावण के दस सिर वाले सीन का जिक्र करते हुए यश की स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय की सराहना की। वहीं, रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार को लेकर उन्होंने कहा कि दर्शकों के मन में यह सवाल था कि रणबीर इस भूमिका को कैसे निभाएंगे, लेकिन उन्हें पर्दे पर देखकर ऐसा लगा जैसे उन्होंने अपने राम जी को देख लिया हो।
Abhishek Banerjee Birthday Clash: अभिषेक बनर्जी और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी बहस, वीडियो वायरल
अभिनेता ने रणबीर के अभिनय में गरिमा, शालीनता और दिव्यता की तारीफ की। खासतौर पर राजा दशरथ के निधन की खबर मिलने वाले दृश्य ने उन्हें भावुक कर दिया।
साई पल्लवी के अभिनय ने भी जीता दिल
विवेक ओबेरॉय ने माता सीता की भूमिका निभाने वाली साई पल्लवी की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि साई के अभिनय में माता सीता की मासूमियत, पवित्रता और गरिमा खूबसूरती से नजर आती है।
इसके अलावा उन्होंने युद्ध के दृश्यों में साई पल्लवी की फुर्ती और शानदार प्रदर्शन की भी तारीफ की। विवेक ने उन्हें एक योद्धा राजकुमारी बताते हुए उनके अभिनय को दिल छू लेने वाला बताया।
दो भागों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ दो भागों में तैयार की गई है। फिल्म के पहले भाग में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। वहीं विवेक ओबेरॉय विद्युतजिह्वा के किरदार में दिखाई दे रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुआ है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2028 के दौरान रिलीज होने की योजना है। फिल्म की भव्यता और कलाकारों के अभिनय को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है।


