Khatu Shyam Janmotsav 2026 : नई दिल्ली। बाबा खाटू श्याम, जिन्हें भक्त तीन बाण धारी, हारे के सहारे, खाटू नरेश, बर्बरीक और लखदातार जैसे कई नामों से पुकारते हैं, का जन्मोत्सव हर साल बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू श्याम मंदिर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां हर साल लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंचते हैं। इस साल भी श्याम भक्तों के लिए विशेष अवसर आने वाला है। अगर आप भी बाबा के जन्मोत्सव पर पूजा करना चाहते हैं या खाटू धाम जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो जान लीजिए इसकी तारीख, पूजा विधि और धार्मिक महत्व।
कब मनाया जाएगा बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव?
हिंदू पंचांग के अनुसार, बाबा खाटू श्याम का जन्मोत्सव कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी यानी देवउठनी एकादशी को मनाया जाता है। साल 2026 में यह पर्व 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर खाटू धाम में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे और मंदिर को आकर्षक फूलों व रोशनी से सजाया जाएगा। देशभर से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
खाटू धाम में कैसे मनाया जाता है जन्मोत्सव?
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर खाटू मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य श्रृंगार किया जाता है। मान्यता के अनुसार, इस दिन बाबा को इत्र से स्नान कराया जाता है और गुलाब, चमेली, चंपा सहित सुगंधित फूलों से उनका दरबार सजाया जाता है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से तेलंगाना के मुख्यमंत्री श्री रेवंत रेड्डी ने की सौजन्य मुलाकात.
इस खास अवसर पर बाबा को मावे का केक और छप्पन भोग अर्पित किया जाता है। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और संकीर्तन का आयोजन होता है। श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर बाबा के दरबार तक पहुंचते हैं और जयकारों से पूरा खाटू धाम भक्तिमय हो जाता है।
घर बैठे कैसे करें बाबा श्याम की पूजा?
अगर आप किसी कारणवश राजस्थान के खाटू धाम नहीं जा पा रहे हैं, तो घर पर भी बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा के साथ मना सकते हैं।
- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और घर के मंदिर की साफ-सफाई करें।
- बाबा खाटू श्याम की तस्वीर या प्रतिमा को साफ स्थान पर स्थापित करें।
- रंग-बिरंगे फूलों और इत्र से बाबा का श्रृंगार करें।
- पूजा स्थल पर देसी घी का दीपक जलाएं।
- बाबा को खीर, पेड़ा, मावे का प्रसाद और फल अर्पित करें।
- श्याम चालीसा का पाठ करें और बाबा के भजन गाएं।
- अंत में कपूर और घी के दीपक से आरती करें और प्रसाद वितरित करें।
कौन हैं बाबा खाटू श्याम?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बाबा खाटू श्याम महाभारत काल के वीर बर्बरीक हैं। वे भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र थे। बर्बरीक के पास तीन दिव्य बाण थे, जिनकी शक्ति से वे पूरे युद्ध का परिणाम बदल सकते थे।
महाभारत युद्ध से पहले भगवान श्रीकृष्ण ने उनकी परीक्षा ली और उनसे शीश दान मांगा। बर्बरीक ने बिना किसी संकोच के अपना शीश भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित कर दिया। उनके इस महान त्याग से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें कलियुग में अपने श्याम नाम से पूजे जाने का वरदान दिया। तभी से भक्त उन्हें हारे का सहारा मानकर पूजते हैं।



