CG NEWS : धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में एक युवक ने अपनी मां और पड़ोस में रहने वाली बुजुर्ग महिला पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा वार्ड की है। हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पहले मां पर किया हमला, फिर पड़ोसन को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, आरोपी देवा निर्मलकर ने कथित तौर पर पहले घर में अपनी मां पर धारदार हथियार से वार किया। इसके बाद वह घर से बाहर निकला और पड़ोस में दुकान लगाकर बैठी बुजुर्ग कौशल्या बाई पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से इलाके में हड़कंप मच गया।
बुजुर्ग महिला के हाथ में लगे 10 टांके
हमले में कौशल्या बाई के हाथ में गंभीर चोट आई है। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनके हाथ में 10 टांके लगाए गए। वहीं, आरोपी की मां भी हमले में घायल हुई हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी देवा निर्मलकर को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मां और बुजुर्ग पड़ोसन पर हमले के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



