दिल्ली उड़ानें घटीं, कोलकाता और प्रयागराज की उड़ानें सप्ताह में दो दिन
नए समर शेड्यूल के अनुसार, अलायंस एयर बिलासपुर (बिलासा देवी केवट हवाई अड्डा) से दिल्ली की उड़ान सप्ताह में 5 दिन से घटाकर अब सिर्फ चार दिन ही संचालित करेगा। यह बदलाव नियमित हवाई यात्रियों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि इससे राष्ट्रीय राजधानी तक सीधी कनेक्टिविटी कम हो जाएगी। जन संघर्ष समिति ने इस कमी पर चिंता व्यक्त की है, हालांकि विमानन कंपनी ने इसे समर शेड्यूल की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।
दूसरी ओर, समिति ने यह भी पुष्टि की है कि बिलासपुर से कोलकाता और प्रयागराज के लिए उड़ानें बहाल रहेंगी। अलायंस एयर के नए शेड्यूल के तहत ये दोनों उड़ानें सप्ताह में दो दिन उपलब्ध रहेंगी। इससे पहले इन रूटों की उड़ानों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी, जिसे विमानन कंपनी ने दूर कर दिया है। 1 मई से यात्री नए शेड्यूल के अनुसार अपनी टिकट बुक करा सकेंगे। सूत्रों के अनुसार, समर शेड्यूल में बिलासपुर से इंदौर और हैदराबाद के लिए भी नई उड़ानें शुरू करने पर विचार किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



