Bilaspur-Kolkata Flight : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए निराशाजनक खबर सामने आई है। लंबे इंतजार और लगातार मांग के बाद शुरू हुई बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा महज एक फेरा संचालित होने के बाद ही बंद हो गई है। एलायंस एयर की इस फ्लाइट का शुभारंभ 25 अक्टूबर को हुआ था, लेकिन पांच दिन बाद ही सेवा बंद होने की खबर से यात्रियों में नाराजगी फैल गई है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को प्रस्तावित उड़ान के लिए 42 यात्रियों ने टिकट बुक कराए थे। हालांकि, उड़ान रद्द होने के बाद सभी यात्रियों की बुकिंग निरस्त कर दी गई और टिकट की राशि वापस कर दी गई।
पांच दिन में ही बंद हुई सीधी हवाई सेवा
बिलासपुर से कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को काफी उम्मीदें थीं। लंबे समय से इस रूट पर नियमित विमान सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। इसके बाद एलायंस एयर ने 25 अक्टूबर को इस रूट पर उड़ान शुरू की थी।
प्रयागराज में नीले ड्रम से निकला 5 करोड़ का कैश, पड़ोसी विवाद की जांच में हुआ बड़ा खुलासा
पहले फेरे के सफल संचालन के बाद यात्रियों को उम्मीद थी कि अब बिलासपुर से कोलकाता के बीच नियमित हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। लेकिन दूसरे फेरे से पहले ही उड़ान रद्द होने की सूचना ने इन उम्मीदों को झटका दिया है।
42 यात्रियों ने कराया था टिकट बुक
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर को बिलासपुर-कोलकाता के बीच प्रस्तावित दूसरे फेरे के लिए कुल 42 यात्रियों ने टिकट बुक कराए थे। इन यात्रियों ने हवाई सफर की तैयारी भी कर ली थी, लेकिन उड़ान रद्द होने के कारण उन्हें अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी।
एयरलाइन की ओर से यात्रियों की बुकिंग निरस्त कर टिकट की पूरी राशि वापस कर दी गई। हालांकि, अचानक सेवा बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने जताया विरोध
इस फैसले के बाद हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने नाराजगी जताई है। समिति ने बिलासपुर-कोलकाता हवाई सेवा का एक फेरे के बाद ही बंद होना शहर की हवाई कनेक्टिविटी के लिए निराशाजनक बताया है।
समिति का कहना है कि बिलासपुर लंबे समय से बेहतर हवाई सुविधाओं की मांग कर रहा है। ऐसे में नई उड़ान शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद उसका बंद होना क्षेत्र के यात्रियों के साथ निराशाजनक स्थिति पैदा करता है।


