CG NEWS : दुर्ग। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग के महेश कॉलोनी स्थित भाजपा नेता एवं अमर इंफ्रा के संचालक चतुर्भुज राठी के निवास पर छापा मारा है। इस कार्रवाई से प्रदेश में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े मुआवजा घोटाले की जांच के तहत की जा रही है। ED की टीम सुबह से ही राठी के आवास और अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच में जुटी हुई है।
चतुर्भुज राठी एक प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी अमर इंफ्रा के संचालक हैं। कंपनी सड़क, पुल और भवन निर्माण जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में सक्रिय रही है। बताया जा रहा है कि हाल ही में कंपनी ने कोयला कारोबार में भी कदम रखा है।
अमर बिल्डर्स की वेबसाइट के अनुसार, चतुर्भुज राठी ने वर्ष 1986 में एकल स्वामित्व के रूप में कंपनी की शुरुआत की थी। उनके नेतृत्व में कंपनी ने लगातार विस्तार किया और देशभर में कई बड़ी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया।
हालांकि, ED की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन छापेमारी के बाद यह साफ है कि भारतमाला परियोजना से जुड़े मामलों में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
फिलहाल, ED की टीम मौके पर मौजूद है और जांच जारी है।


