CG NEWS : जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी को दूसरे व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद गुस्से में उसने कुल्हाड़ी से वार कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने परिजनों को बताया कि पत्नी खाट से गिर गई थी, जिससे सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
पति की बात पर भरोसा कर परिजनों ने महिला का शव दफना दिया। लेकिन मृतका की बहन को मौत की परिस्थितियों पर संदेह हुआ। उसकी शिकायत पर पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
खाट से गिरने की बताई थी कहानी
जानकारी के मुताबिक, पार्वती बाई (52) की शादी ग्राम खजूरबहार के चौहान पारा निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62) से हुई थी। 6 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे पार्वती बाई की बहू ने उनकी छोटी बहन सीता बाई (45), निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर को फोन कर उनकी मौत की सूचना दी।
अगले दिन सीता बाई गांव पहुंचीं। घर के कमरे में उन्होंने अपनी बड़ी बहन का शव देखा। पार्वती बाई के सिर और माथे पर चोट के निशान थे और खून भी निकला हुआ था। इस पर पति मुखलाल राम ने बताया कि पार्वती बाई खाट से गिर गई थीं। सिर में चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
आरोपी की इस बात पर भरोसा कर परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को शव दफना दिया।
बहन को हुआ शक, 20 नवंबर को थाने पहुंचकर की शिकायत
कुछ समय बाद सीता बाई को अपनी बहन की मौत की परिस्थितियों पर संदेह होने लगा। उन्हें आशंका थी कि पार्वती बाई की मौत सामान्य नहीं थी और उनकी हत्या की गई है। संदेह के आधार पर उन्होंने 20 नवंबर को कुनकुरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कब्र से निकलवाया शव, पोस्टमॉर्टम में हत्या का खुलासा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत जांच शुरू की। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कब्र से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
पोस्टमॉर्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने मौत की प्रकृति हत्यात्मक बताई। इसके बाद पुलिस ने मामले में आगे की जांच करते हुए आरोपी पति मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



