CM Sai’ रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी का देश के करोड़ों नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचार, प्रेरक प्रयासों और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों की उपलब्धियों को पूरे देश के सामने रखते हैं। इससे समाज में बेहतर कार्य करने वाले लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहन मिलता है।
‘मन की बात’ देशवासियों से संवाद का सशक्त माध्यम
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों की प्रेरक कहानियों को सामने लाते हैं। इससे देश के दूसरे हिस्सों के लोगों को भी इन प्रयासों से सीखने और उन्हें आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने और सकारात्मक बदलाव की दिशा में सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने का माध्यम बन चुका है।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का लिया संकल्प
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर जोर देते हुए कहा कि नशे से दूर रहकर युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। परिवार, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि मिलकर जागरूकता बढ़ाएं तो नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। स्वस्थ, शिक्षित और नशामुक्त युवा देश को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
उन्होंने युवाओं से सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने, अपनी प्रतिभा का बेहतर उपयोग करने और समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।


