रायपुर। आजाद हिंद एक्सप्रेस में चोरी की कोशिश के बाद हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना रायपुर रेल मंडल के उरकुरा और मांडर स्टेशन के बीच की बताई जा रही है, जहां एक संदिग्ध युवक कथित तौर पर यात्री का सामान लेकर भागने की कोशिश कर रहा था। पकड़ में आने पर वह ट्रेन के दरवाजे से बाहर लटक गया और बाद में चलती ट्रेन से छलांग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रायपुर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था और एक आरक्षित कोच में जाकर यात्री के पास बैठ गया। कुछ देर बाद उसने कथित तौर पर यात्री का बैग उठाया और कोच से निकलने लगा।
यात्री ने पकड़ा तो गेट से बाहर लटक गया
यात्री को शक होने पर उसने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। खुद को छुड़ाने की कोशिश में संदिग्ध ट्रेन के गेट तक पहुंच गया और बाहर की ओर लटक गया। यात्रियों ने उसे पकड़कर अंदर खींचने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर नीचे कूद गया।
घटना के दौरान कोच में मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद अन्य यात्री भी मौके पर पहुंच गए।
ट्रेन में मचा हड़कंप
अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में डर और गुस्सा दोनों देखने को मिला। कुछ यात्रियों ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के अगले स्टेशन पहुंचने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी को मामले की जानकारी दी गई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्रियों की तेज आवाजें और गेट के पास मची अफरा-तफरी साफ दिखाई दे रही है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एक यात्री भी पुलिस की हिरासत में
मामले में नया मोड़ तब आया जब पूछताछ के लिए एक यात्री को भी पुलिस हिरासत में लिया गया। पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं संदिग्ध युवक के साथ कोई और व्यक्ति तो शामिल नहीं था। हिरासत में लिए गए यात्री से पूछताछ की जा रही है और उसके यात्रा संबंधी दस्तावेजों की जांच भी की गई है।
संदिग्ध की तलाश जारी
चलती ट्रेन से कूदने के बाद युवक कहां गया, इसका पता नहीं चल सका है। रेलवे पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि कूदने के दौरान वह घायल हुआ होगा। पुलिस स्थानीय अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों से भी जानकारी जुटा रही है।
रेलवे पुलिस ने कोच में मौजूद कई यात्रियों के बयान दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना की पूरी सच्चाई जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि चोरी का प्रयास साबित होता है तो आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।


