CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों ने दिवाली से पहले महंगाई भत्ते (DA) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने और एरियर सहित भुगतान करने की मांग तेज कर दी है। इस संबंध में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी को पत्र लिखकर जल्द निर्णय लेने की अपील की है। संगठन का कहना है कि महंगाई के मौजूदा दौर में कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत देने के लिए महंगाई भत्ते में वृद्धि जरूरी है।
केंद्र और राज्य के DA में 2 प्रतिशत का अंतर
छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के मुताबिक, राज्य के शासकीय कर्मचारियों को फिलहाल 58 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। संगठन का दावा है कि यह दर केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिलने वाले महंगाई भत्ते से 2 प्रतिशत कम है। इसी अंतर को दूर करने के लिए राज्य सरकार से जल्द फैसला लेने की मांग की गई है।
कर्मचारी संगठनों का मानना है कि केंद्र और राज्य के महंगाई भत्ते की दर में समानता होने से कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। वहीं, पेंशनरों के लिए भी महंगाई राहत में वृद्धि की मांग उठाई जा रही है।
दिवाली से पहले भुगतान की मांग
फेडरेशन ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को लिखे पत्र में आग्रह किया है कि आगामी दिवाली पर्व को देखते हुए महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की जाए। संगठन चाहता है कि बढ़े हुए DA का भुगतान एरियर सहित किया जाए, ताकि कर्मचारियों और पेंशनरों को त्योहार से पहले आर्थिक राहत मिल सके।
त्योहार के दौरान घर-परिवार की जरूरतों, खरीदारी और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी होती है। ऐसे में संगठन का कहना है कि महंगाई भत्ते में वृद्धि का निर्णय कर्मचारियों के लिए मददगार साबित हो सकता है।


