CG NEWS : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। तिल्दा-नेवरा–रायपुर–बिलासपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह करीब 30 वर्षीय एक महिला असहाय और निर्वस्त्र अवस्था में भटकती हुई ग्राम सड्डू पहुंच गई। महिला की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसकी मदद करने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, महिला गांव के कुछ घरों में पहुंची, जहां उसने खाना खाया और बाद में कुछ बर्तन फेंक दिए। ग्रामीणों ने उसे कपड़े पहनाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने लगातार विरोध किया और कपड़े पहनने से इनकार कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला इस दौरान रायपुरा क्षेत्र के किसी “देवागन” नाम का उल्लेख करते हुए लगातार कुछ बोल रही थी। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
ग्रामीणों की सूचना पर धरसीवा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को सुरक्षित संरक्षण में लिया और आवश्यक देखभाल के लिए रायपुर स्थित नारी निकेतन पहुंचाया।
पुलिस ने इस घटना के बाद लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह असहाय या संकट की स्थिति में मिले तो उसका वीडियो बनाने या तस्वीरें साझा करने के बजाय तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही उसकी स्वास्थ्य एवं मानसिक स्थिति का भी आवश्यक परीक्षण कराया जाएगा।


