युवाओं को रोज़गार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन एवं शहर सीरतुन नबी कमिटी, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अंजुमन स्कूल, शास्त्री मार्केट के समीप, रायपुर (छत्तीसगढ़) में भव्य रोज़गार मेले का सफल आयोजन किया गया।
रोज़गार मेले में बड़ी संख्या में 500 से अधिक युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न कंपनियों में अपनी योग्यता एवं रुचि के अनुसार नौकरी के लिए पंजीयन कराकर साक्षात्कार दिया। मेले में 72 अभ्यर्थियों को रोज़गार के अवसर प्राप्त हुए, वहीं अनेक युवाओं के लिए नौकरी पाने की राह भी खुली।
इस रोज़गार मेले में शुभम के मार्ट, ब्लिंकिट, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), टेक्नो टास्क, कांकेर रोडवेज, ज़ेस्ट रिन्यू, भसीन मोटर्स, राजू टायर्स, द सीड्स स्कूल, प्लेस्ट्राटा, अर्थ, आकृति, आइसेक्ट सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों ने भाग लेकर विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संचालित की। कंपनियों की बड़ी भागीदारी और युवाओं के उत्साह ने आयोजन को बेहद सफल बनाया।
यह रोज़गार मेला ‘ज़रिए-ए-रोज़गार’ अभियान के अंतर्गत शुरू की गई एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे मुस्लिम रोज़गार पॉइंट के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
शहर सीरतुन नबी कमिटी के अध्यक्ष सोहेल सेठी ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल एक दिन रोज़गार मेला आयोजित करना नहीं है, बल्कि बेरोज़गार युवाओं को लगातार रोज़गार के अवसरों से जोड़ना है। यह पहल एक सतत मुहिम के रूप में आगे बढ़ेगी, ताकि किसी भी युवा को रोज़गार की तलाश में अकेला महसूस न करना पड़े। हमारा प्रयास है कि युवाओं और कंपनियों के बीच एक मजबूत सेतु तैयार हो, जिससे प्रतिभाशाली युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर मिल सकें। साथ ही उन्होंने ये भी बताया की यह आयोजन भले ही मुस्लिम समाज द्वारा किया जा रहा है परंतु ये सेवा सभी धर्म समाज वर्ग के लिए शुरू की गई है ।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने कहा कि मुस्लिम रोज़गार पॉइंट के माध्यम से युवाओं को वर्षभर रोज़गार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अंतर्गत विभिन्न कंपनियों से निरंतर संपर्क, नई रिक्तियों की जानकारी, इंटरव्यू की व्यवस्था और नौकरी मिलने के बाद जॉइनिंग तक अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा। हमारा लक्ष्य है कि रोज़गार की यह पहल केवल आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि हर जरूरतमंद युवा तक अवसर पहुंचाने का माध्यम बने।
रायपुर नगर निगम के पूर्व महापौर एजाज़ ढेबर ने आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेरे 30 साल के राजनैतिक सफ़र में इस तरह का आयोजन मैंने नहीं देखा ये अपने आप में एक मिसाल है। ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन और शहर सीरतुन नबी कमिटी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यह रोज़गार मेला समाज के लिए एक सराहनीय और सकारात्मक पहल है। इस आयोजन को जिस तरह युवाओं और आम नागरिकों का प्रतिसाद मिला तथा प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थानों और कंपनियों ने यहां पहुंचकर रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराए, वह इसकी सफलता का प्रमाण है। बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीयन कराया और साक्षात्कार में हिस्सा लिया। मैं सभी आयोजकों को इस शानदार पहल के लिए बधाई देता हूं और उन सभी युवाओं को शुभकामनाएं देता हूं जिन्हें इस मेले के माध्यम से रोज़गार प्राप्त हुआ है। ऐसे आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं।
ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के संरक्षक एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सैयद फ़ैसल रिज़वी ने कहा कि इस रोज़गार मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका आयोजन किसी एक वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि इसे सर्वसमाज के युवाओं और रोज़गार की तलाश कर रहे प्रत्येक व्यक्ति के लिए आयोजित किया गया। हमारा मानना है कि बेरोज़गारी एक सामाजिक चुनौती है और इसके समाधान के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। इस मेले में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लेकर विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार दिया। हमारा प्रयास है कि समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति को उसकी योग्यता के अनुसार सम्मानजनक रोज़गार का अवसर मिल सके। रोज़गार उपलब्ध कराना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि किसी परिवार को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का माध्यम भी है।
रोज़गार मेले के सफल आयोजन में ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हाजी ज़ुबेर महमूद, प्रदेश कोषाध्यक्ष अल्काफ़ गानीवाला, सचिव फ़हीम अंसारी, चीफ कोऑर्डिनेटर तौकीर साहब, रायपुर जिला अध्यक्ष एहतेशाम हुसैन, रायपुर संभाग अध्यक्ष असलम अशरफी, सचिव शाहबान खान, मोहम्मद इक़बाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी सैयद फ़ैसल इमाम, हाजी कलीम, हाजी शाहबुद्दीन, आसिफ भिनसरा, शेख अकरम, अब्दुल हक़ बाबा, मोहम्मद अजयन, शहर सीरतुन नबी कमिटी से एजाज़ ख़ान, नूरा भाई, अयान सेठी, शकील भाई, नसीर भाई , रिजवान भाई, इसरार भाई हमशीरा ग्रुप तथा फाउंडेशन एवं सीरत कमिटी के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने रोज़गार मेले में शामिल सभी कंपनियों, संस्थानों, अभ्यर्थियों, सहयोगियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोज़गार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकें।
रोज़गार मेले की यह पहल इस संदेश के साथ सफल रही कि संगठित प्रयास, सकारात्मक सोच और सामूहिक भागीदारी से बेरोज़गारी की चुनौती को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।



