नई दिल्ली: SSR 2026: देश के 13 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में आज यानी 12 नवंबर से स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की प्रक्रिया शुरू हो रही है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, गलतियों को सुधारने और पात्र मतदाताओं को दोबारा वोटर लिस्ट में शामिल होने का मौका मिलेगा। वहीं, उत्तर प्रदेश में यह प्रक्रिया 5 दिन बाद शुरू होगी। SIR के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुए लाखों लोगों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है।
दरअसल, SIR से पहले इन 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 64.57 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। पुनरीक्षण के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या घटकर 58.71 करोड़ रह गई। यानी करीब 5.86 करोड़ मतदाताओं के नाम कम हो गए। अब SSR के जरिए यह पता चलेगा कि इनमें से कितने पात्र मतदाता दोबारा अपना नाम सूची में जुड़वा पाते हैं।
इस प्रक्रिया पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर रहेगी। अगर बड़ी संख्या में हटाए गए नाम दोबारा जुड़ते हैं, तो पहले हुए सत्यापन पर सवाल उठ सकते हैं। वहीं, कम नाम जुड़ने की स्थिति में पात्र मतदाताओं के छूटने की आशंका की जांच जरूरी होगी।
क्या है स्पेशल समरी रिवीजन (SSR)?
स्पेशल समरी रिवीजन यानी SSR चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची को अपडेट करने की एक नियमित प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य वोटर लिस्ट को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। इसके तहत नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं, पुराने रिकॉर्ड में मौजूद गलतियों को सुधारा जाता है और जरूरी बदलाव किए जाते हैं।
SSR और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) दोनों अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। SIR के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करते हैं। वहीं, SSR में मौजूदा मतदाता सूची को आधार बनाकर उसमें जरूरी संशोधन किए जाते हैं।
वोटर लिस्ट में पते दर्ज करने का भी बदलेगा तरीका
चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में लोगों के पते दर्ज करने के लिए एक समान फॉर्मेट अपनाने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य मतदाताओं के घर और उनके मतदान क्षेत्र की पहचान को आसान बनाना है। एक समान प्रारूप से वोटर लिस्ट में पते से जुड़ी विसंगतियां कम करने और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।
पात्र मतदाता कैसे जुड़वा सकेंगे अपना नाम?
SSR के दौरान जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में गलती होने पर सुधार के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
मतदाताओं को सलाह दी जाती है कि वे अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल पर करें और जरूरत पड़ने पर निर्धारित फॉर्म के माध्यम से आवेदन करें।



