CG News : जगदलपुर/बस्तर।’ छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने जिस युवक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कराया था, उसी से बाद में शादी कर ली। कोर्ट के आदेश के बाद दोनों ने जगदलपुर सेंट्रल जेल में शादी की रस्में पूरी कीं। जेल परिसर में मंडप सजाया गया और दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार सात फेरे लेकर एक-दूसरे को जीवनसाथी स्वीकार किया।
प्रेम संबंध के बाद दर्ज हुआ था रेप केस
जानकारी के मुताबिक, युवती और युवक के बीच पहले से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को पसंद करते थे और शादी करना चाहते थे। लेकिन युवक के परिवार वालों ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया और शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने युवक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करा दिया था।
मामला न्यायालय में पहुंचने के बाद दोनों पक्षों ने अपनी सहमति से शादी करने की इच्छा जताई। कोर्ट ने मामले की परिस्थितियों को देखते हुए दोनों को विवाह की अनुमति प्रदान की।
जगदलपुर सेंट्रल जेल में हुई शादी
कोर्ट के आदेश के बाद जगदलपुर सेंट्रल जेल में विवाह समारोह आयोजित किया गया। जेल परिसर में बाकायदा मंडप सजाया गया। पुलिस और जेल प्रशासन की मौजूदगी में शादी की सभी रस्में पूरी कराई गईं।
इस दौरान एक कॉन्स्टेबल ने कन्यादान की रस्म निभाई। परिवार और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में युवक और युवती ने सात फेरे लिए और पति-पत्नी के रूप में नई जिंदगी की शुरुआत की।


