CG NEWS : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपनिया शाखा की महिला बैंक मैनेजर का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर बैंक मैनेजर अनिता पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला एक विधवा महिला से उसके मृत पति के बैंक खाते की जमा राशि दिलाने के एवज में रिश्वत मांगने से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला अपने दिवंगत पति के खाते में जमा रकम निकालने और आवश्यक बैंक प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कई दिनों से बैंक के चक्कर लगा रही थी। आरोप है कि इस काम को करने के बदले बैंक मैनेजर ने महिला से 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
बताया जा रहा है कि काफी अनुरोध के बाद महिला ने 5 हजार रुपए देने की बात कही। इसी दौरान रिश्वत लेने का वीडियो किसी ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में महिला बैंक अधिकारी को कथित रूप से रुपए लेते हुए देखा जा सकता है।
CG Naxal IED Defuse : जंगल में बिछाया गया था मौत का जाल, जवानों ने 5 किलो IED किया डिफ्यूज
वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक प्रबंधन ने महिला मैनेजर अनिता पांडेय को निलंबित कर दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच में रिश्वत लेने के आरोप पूरी तरह प्रमाणित होते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
इस घटना के सामने आने के बाद बैंकिंग व्यवस्था और सरकारी संस्थानों में पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि जरूरतमंद और असहाय लोगों से रिश्वत मांगना बेहद गंभीर मामला है।
फिलहाल प्रशासन पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



